मोदी के विकास के साथ चलना चाहते हैं युवा : रविशंकर प्रसाद

पटना, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां शनिवार को कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में सभी चार सीटों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उम्मीदवारों की जीत इस बात का परिचायक है कि देश के युवा नरेन्द्र मोदी के विकास के साथ चलना चाहते हैं।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, “एबीवीपी की निर्णायक जीत इस बात का परिचायक है कि युवा विकास चाहते हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ देश के युवा हैं।”

बिहार विधानसभा चुनाव में इस जीत के प्रभाव पड़ने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में हजारों युवा पढ़ते हैं, जिसमें बिहार के भी कई युवा हैं। इस कारण यह तय है कि जीत का प्रभाव बिहार चुनाव में भी दिखेगा।

उन्होंने इशारों ही इशारों में लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में कुछ लोगों का सामाजिक न्याय छलावा साबित हो चुका है जबकि कुछ लोग अपनी साख बचाने के लिए जंगलराज की गोद में जा बैठे हैं। ऐसे लोगों को जनता नकार देगी।

एबीवीपी ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में सभी चारों सीट पर जीत हासिल की। यह चुनाव शुक्रवार को हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493