नई दिल्ली, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की महत्वपूर्ण घटक लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने राजग में सीट बंटवारे के दौरान हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को तवज्जो दिए जाने के कारण असंतोष संबंधी रपटों से इंकार करते हुए कहा कि गठबंधन अब भी एकजुट है।
लोजपा के नेता चिराग पासवान ने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं ने हालांकि पार्टी को मिली सीटों की संख्या पर हैरानी जताई है, क्योंकि हमसे जितना कहा गया था, उतना हमें नहीं मिला। लेकिन राजग एकजुट है और उनकी पार्टी राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले हम को दी गई भूमिका से परेशान नहीं है।”
इस तरह की रपटें हैं कि लोजपा को 41-42 सीटें देने का वादा किया गया था, लेकिन उसे 40 सीटें दी गई, जिससे लोजपा के अध्यक्ष रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान नाराज हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को राजग में सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा था कि पार्टी 160 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि 40 सीटें लोजपा, 23 सीटें उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) तथा शेष 20 सीटें हम को दी गई हैं।
dharmpath.com dharmpath