मोदी शुक्रवार को वाराणसी में रिक्शाचालकों से मिलेंगे

लखनऊ, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में रिक्शाचालकों और ठेलेवालों से मुलाकात करेंगे।

प्रधानमंत्री इस दौरान वाराणसी में एक समारोह में शामिल होंगे। इस समारोह में वह जन धन योजना के तहत 501 साइकिल रिक्शा और 101 ई-रिक्शा का वितरण करेंगे।

अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया, “मोदी वाराणसी में गरीब और जरूरतमंदों को करीब 1,000 सौर ऊर्जा संचालित लालटेन भी वितरित करेंगे।”

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से सुबह 10.50 पर वाराणसी हवाईअड्डा पहुंचेंगे।

वाराणसी में अपने दौरे के दौरान मोदी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से डीएलडब्ल्यू अतिथि गृह में मुलाकात करेंगे। वह डीएलडब्ल्यू मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और साथ ही रिमोट कंट्रोल के जरिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे।

गृह विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि वाराणसी में प्रधानमंत्री की यात्रा नौ घंटे से अधिक की हो सकती है।

इस दौरान प्रधानमंत्री एकीकृत विद्युत वितरण प्रणाली, वाराणसी रिंग रोड फेज-1 और बाबतपुर हवाईअड्डे से वाराणसी शहर तक एनएच-58 विकसित करने की नींव रखेंगे।

मोदी शाम 7.40 पर वापस दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493