सैंटियागो, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। चिली में बुधवार शाम को आए तेज भूकंप में पांच लोगों की मौत हो गई। भूकंप के कारण लोग अपने घरों से निकलकर बाहर सड़कों पर आ गए।
भूकंप के बाद देश के तटवर्ती इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई।
‘सीएनएन’ की रपट के अनुसार, आपातकालीन के राष्ट्रीय कार्यालय के निदेशक रिकाडरे टोरो ने कहा कि चिली में बुधवार शाम रिक्टर स्केल पर 8.3 की तीव्रता से आए भूकंप में पांच लोगों की मौत हो गई। भूकंप के कारण प्रभावित इलाकों से करीब 10 लाख लोगों को निकाला गया।
अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की रपट के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 8.3 मापी गई, लेकिन चिली के भूविज्ञान केंद्र के विश्वविद्यालय के अनुसार इसे बाद में 8.4 मापा गया।
अमेरिकी भूगर्भ सेवा ने बताया कि भूकंप का केंद्र सैंटियागो से 246 किलोमीटर दूर समुद्र की गहराई में था।
इससे पहले साल 2010 में चिली में रिक्टर पैमाने पर 8.8 तीव्रता से भूकंप आया था, जिसमें 500 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और 2,20,000 घर तबाह हो गए थे।
चिली में बुधवार शाम को आए भूकंप में अभी तक 12 लोगों के घायल होने की सूचना है।
चिली के अधिकारियों ने देश में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है। दक्षिण अमेरिका, हवाई और न्यूजीलैंड के तटवर्ती इलाकों में भी सुनामी की चेतावनी दी गई है।
सरकार ने आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों को सक्रिय कर दिया है। सरकार के प्रवक्ता मार्सेलो डियाज ने सभी नागरिकों को शांत रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए कहा है।
भूकंप के बाद सैंटियागो हवाई अड्डे को तुरंत खाली करवा लिया गया।
dharmpath.com dharmpath