इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ए.ए. शेख का कहना है कि बिहार में तीसरा मोर्चा मुलायम व तारिक अनवर का नहीं, बल्कि अगर ओवैसी चाहें तो मुस्लिम दलों का हो सकता है। उन्होंने कहा कि केवल सीमांचल ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में मुसलमानों का हाल ठीक नहीं है। उनका कहना है कि अब तक तमाम दलों ने मुसलमानों को सिर्फ छला है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों की बेहतरी के लिए आवश्यक है कि मुस्लिम पार्टियां आपसी मतभेद दूर कर एक साथ आएं और चुनाव में जीत हासिल कर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेने का प्रयास करें।
शेख ने कहा कि ऐसी परिस्थितियां बनाई जानी चाहिए, जिससे कि मुस्लिम पार्टियों के मोर्चे के समर्थन के बिना किसी सरकार का गठन नहीं हो। ऐसा होने पर सही मायने में मुस्लिमों की बेहतरी के लिए काम किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बिहार के सीमांचल में एमआईएम को समर्थन देने के लिए तैयार है। इसके बदले ओवैसी तथा उनकी पार्टी को सूबे के अन्य हिस्सों में चुनाव लड़ने वाले छोटे दलों का समर्थन करना होगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमरुज्जमा का कहना है कि इस बात पर जोर दिया जाना चाहिए कि मुसलमानों को आबादी के अनुपात में आरक्षण मिले। जो लोग इस मांग का समर्थन करें, उन्हें वोट देने के अलावा अन्य का बहिष्कार किया जाए, ताकि नेताओं को समझ में आए कि दबे-कुचले लोग अब जाग चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath