हैदाराबाद, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश सरकार ने सऊदी अरब की मक्का मस्जिद में क्रेन दुर्घटना में मारे गए दंपत्ति के परिवार को मुआवजे के तौर पर शनिवार को छह लाख रुपये दिए।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में दंपति के दोनों बेटों को 3-3 लाख रुपये के चेक दिए।
कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम के 38 वर्षीय अब्दुल कादर और 32 वर्षीय फातिमा बेगम मक्का दुर्घटना में मारे गए थे। मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक और एनआरआई मामलों के मंत्री पल्ली रघुनाथ रेड्डी और अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में दंपति के बेटों 6 वर्षीय मोहम्मद मुस्कान और 9 वर्षीय खाजा मोहिउद्दीन को चेक प्रदान किया।
दंपति की मृत्यु पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिवार को राशन कार्ड, घर के लिए जगह मुहैया कराएगी और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करेगी।
11 सितम्बर को हुई दुर्घटना में मारे गए 100 से अधिक तीर्थयात्रियों में से 11 भारतीय थे।
सऊदी अरब ने हर मृतक या स्थायी रूप से विकलांग के परिवारों को 1.75 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath