मुकुल रॉय ने नई पार्टी से दूरी बनाई

कोलकाता, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। समाचार पत्रों में नया राजनीतिक दल ‘नेशनलिस्ट तृणमूल कांग्रेस’ गठित करने संबंधित विज्ञापन प्रसारित होने के एक दिन बाद तृणमूल से निकाल दिए गए मुकुल रॉय ने शनिवार को विज्ञापन या नई पार्टी के गठन से अपनी संबद्धता से इनकार कर दिया।

स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन में कहा गया है, “निर्वाचन आयोग को नई पार्टी ‘नेशनलिस्ट तृणमूल कांग्रेस’ के पंजीकरण के लिए आवेदन दे दिया गया है।” विज्ञापन में नई पार्टी के गठन पर असहमतियां भी मांगी गई हैं।

विज्ञापन में अमिताभ मजुमदार को नई पार्टी का अध्यक्ष और फरीद खान को महासचिव बताया गया है।

मुकुल ने विज्ञापन पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। मैं तृणमूल कांग्रेस का सांसद हूं और यही मेरी पहचान है।”

करोड़ों रुपये के शारदा चिटफंड घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के जांच के घेरे में आने के बाद तृणमूल के राज्यसभा सदस्य मुकुल को पार्टी पदों से हटा दिया गया है।

उनकी पार्टी का कहना था कि सीबीआई इस मामले में तृणमूल नेताओं पर निशाना साध रही है, लेकिन मुकुल ने अपनी पार्टी से अलग जाते हुए कहा था कि अगर उन्हें 100 बार भी बुलाया जाता है तो वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देंगे।

मजुमदार और खान दोनों ही व्यक्ति तृणमूल के पूर्व महासचिव मुकुल के नजदीकी माने जाते हैं, हालांकि मुकुल ने कहा है कि उनका इस नई पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, “अगर कुछ लोग मुझसे मिलते हैं, बाते करते हैं और मेरे नजदीकी माने जाते हैं, सिर्फ इतने से यह नहीं मान लेना चाहिए कि वे मेरे इशारे पर या मेरे लिए काम कर रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493