जयपुर, 19 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान जल संरक्षण मिशन की शुरुआत 13 दिसम्बर से प्रदेश के 100 गांवों में एक साथ होगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की अध्यक्षता में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर राजस्थान जल संरक्षण मिशन की कार्य मार्गदर्शिका प्रारूप को अंतिम रूप देने के लिए आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।
राजे ने कहा कि मिशन के अंतर्गत चयनित गांवों में जल संरक्षण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण हों, इसकी सुनिश्चितता होनी चाहिए ताकि जनता को इन कार्यो का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जल के समुचित उपयोग के बारे में जागृत कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
राजस्थान जल संरक्षण मिशन के अन्तर्गत प्रथम वर्ष में चयनित होने वाले गांवों में 27 जनवरी, 2016 को एक साथ वृहद स्तर पर जल संरक्षण एवं संग्रहण के कार्य शुरू होंगे तथा 30 जून, 2016 तक इन सभी कार्यो को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा जाएगा ताकि आगामी वर्षा से प्राप्त होने वाले जल को संग्रहित किया जा सके।
राजस्थान जल संरक्षण मिशन का मुख्य उद्देश्य आमजन की सहभागिता से गांवों को जल आत्मनिर्भर बनाकर पेयजल का स्थाई समाधान करना तथा उपलब्ध होने वाले जल का संग्रहण एवं संरक्षण कर सिंचाई क्षेत्रफल बढ़ाना है।
dharmpath.com dharmpath