भोपाल, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य जगहों पर रविवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप तेज रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के मालवा-निमाड अंचल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राज्य में मौसम के मिजाज में बदलाव का क्रम बना हुआ है। रविवार सुबह आसमान एकदम साफ रहा। धूप चुभन भरी रही। मौसम विभाग ने आने 24 घंटों के दौरान मालवा-निमाड अंचल के नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, इंदौर, बडवानी, झाबुआ आदि जगहों पर भारी बारिश की आशंका जताई है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री, इंदौर में 20.1 डिग्री, ग्वालियर में 26 डिग्री और जबलपुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले यानी शनिवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री, इंदौर में 26.2 डिग्री, ग्वालियर में 36.7 डिग्री और जबलपुर में 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath