दुबई, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रिची रिचर्ड्सन को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरियों के इलीट पैनल में जगह मिली है।
आईसीसी ने सोमवार को इस पद पर रिचर्ड्सन की नियुक्ति की पुष्टि की। आईसीसी ने कहा है कि रिचर्ड्सन जनवरी 2016 में यह काम शुरू करेंगे। वह श्रीलंका के रोशन महानामा का स्थान लेंगे। रिचर्ड्सन अभी वेस्टइंडीज टीम के प्रबंधक हैं।
रिचर्ड्सन 2007 में रिटायर हुए क्लाइव लॉयड के बाद इस पद आसीन होने वाले पहले कैरेबियाई हैं। लॉयड से पहले जैरी हेनरिक्स, कैमी स्मिथ, एवर्टन वीक्स और क्लाइड वॉल्कट इस पद पर काम कर चुके हैं।
रिचर्ड्सन ने वेस्टइंडीज के लिए 1983 से 1995 के बीच कुल 86 टेस्ट और 224 एकदिवसीय मैच खेले। टेस्ट मैचों में उनके नाम 5949 और एकदिवसीय मैचों में 6248 रन हैं। वह 24 टेस्ट और 87 एकदिवसीय मैचों में कैरेबियाई टीम के कप्तान भी रहे हैं।
रिचर्ड्सन ने 1987, 1992 और 1996 विश्व कप में हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह वेस्टइंडीज क्रिकेट को प्रबंधक के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
रिचर्ड्सन ने अपनी नियुक्ति पर कहा, “यह सम्मान और हर्ष का विषय है। यह क्रिकेट के सबसे अहम कार्यो में से एक है। एक खिलाड़ी और एक प्रशासक होने के नाते मैं इस पद से जुड़ी जिम्मेदारियों के साथ न्याय कर सकूंगा, ऐसे मुझे यकीन है।”
उल्लेखनीय है कि महानामा ने पिछले दिनों इस पद को छोड़ने की पेशकश की थी। आईसीसी ने उसे स्वीकार कर लिया था। विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के सदस्य महानामा ने कहा था कि वह अपने परिवार और व्यवसाय पर ध्यान लगाना चाहते हैं।
dharmpath.com dharmpath