बिहार विधानसभा चुनाव : भाजपा के स्टार प्रचारकों में आडवाणी, जोशी

नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा बिहार विभानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल हैं।

भाजपा ने मंगलवार को चुनाव आयोग को 40 स्टार प्रचारकों की सूची पेश की, जिसमें आडवाणी, जोशी और शत्रुघ्न के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिह सहित अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी, रवि शंकर प्रसाद और राजीव प्रताप रूड़ी के नाम भी शामिल हैं।

इस सूची में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबीर दास के नाम भी शामिल हैं। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों में केवल यही दो नाम सूची में शामिल किए गए हैं।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखे गए हैं।

गौरतलब है कि मई 2014 में मोदी की सरकार बनने के बाद से ही आडवाणी और जोशी को भाजपा में किनारे रखा गया और उन्हें केवल पार्टी के मार्गदर्शक मंडल तक ही सीमित कर दिया गया।

पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए तारीख की घोषणा होने के बाद चुनाव प्रचार के लिए लगाए गए पोस्टरों में आडवाणी और जोशी को शामिल नहीं किया था। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसके लिए पूर्व में भाजपा की आलोचना करते हुए इसे ‘धोखा’ करार दे चुके हैं।

पटना साहिब से भाजपा के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा कई मुद्दों पर सार्वजनिक तौर पर पार्टी के फैसलों की आलोचना करते रहे हैं, जबकि नीतीश कुमार की प्रशंसा भी करते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493