मप्र में ‘स्मार्ट विलेज योजना’ का नाम बदलेगा : शिवराज

भोपाल, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यहां कहा कि राज्य में ‘स्मार्ट विलेज योजना’ का नाम बदलेगा, क्योंकि उन्हें इसका अंग्रेजी नाम रास नहीं आ रहा है।

उल्लेखनीय है कि शिवराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित ‘स्मार्ट सिटी योजना’ की तर्ज पर मध्य प्रदेश में ‘स्मार्ट विलेज योजना’ की घोषणा की थी।

चौहान यहां बुधवार (आज) से शुरू हुई सांसद आदर्श ग्राम योजना पर केंद्रित दो दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन समारोह के मौके पर बोल रहे थे।

उन्होंने हिंदी की पैरवी करते हुए कहा कि वैसे तो ‘स्मार्ट’ शब्द सभी के लिए आम है, मगर वह इसमें बदलाव चाहते हैं। स्मार्ट के स्थान पर किस शब्द का इस्तेमाल किया जा सकता है, उस पर विचार किया जाएगा।

चौहान ने आगे कहा, “गांव के लोग शहरों की ओर भाग रहे हैं, मगर हर समस्या का निदान शहरीकरण नहीं हो सकता। शहर में जिंदगी भागमभाग भरी हो गई है, यही कारण है कि शहरी लोग गांव की ओर लौट रहे हैं। वे वहां फार्म हाउस बना रहे हैं।”

कार्यशाला का उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

विधानसभा भवन के मानसरोवर सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में देश भर से 100 सांसद, 125 जिलाधिकारी, 125 जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व 100 अन्य अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493