ओलंपिक समारोहों के निदेशकों ने इसके बजट में कटौती की जानकारी दी।
ब्राजील की अर्थव्यवस्था 2015 की शुरुआत से ही खराब है, जिसके कारण बाजार में निराशावादी दृष्टिकोण बढ़ा है। नए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, ब्राजील की अर्थव्यवस्था में 2.1 प्रतिशत तक की गिरावट आएगी, वार्षिक महंगाई दर 9.25 प्रतिशत तक रहेगी और ब्राजील की राष्ट्रपति डिल्मा रॉसेफ के खिलाफ महाभियोग की मांग भी हो रही है।
रियो ओलंपिक समारोहों के निदेशकों में से एक फर्नाडो मिरेलेस हैं, जो साल 2000 में ऑस्कर के लिए नामित ‘सिटी ऑफ गॉड’ के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अनुमान जताया कि तीन साल पहले लंदन में आयोजित ओलंपिक के चार समारोहों में खर्च की गई राशि का केवल 10 प्रतिशत ही रियो ओलंपिक के आयोजन समारोह में खर्च होगा।
फर्नाडो ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “सब जानते हैं कि ब्राजील वित्तीय संकट के दौर से जूझ रहा है। हमारे पास बजट कम है, लेकिन मैं इस कम बजट के साथ काम करने को लेकर खुश हूं। ऐसे में जबकि यहां स्वच्छता और शिक्षा पर धन खर्च करने की जरूरत है, यदि लंदन जितना खर्च यहां होता तो मुझे शर्मिदगी महसूस होती।”
फर्नाडो ने माना कि शुरुआत में ओलंपिक समारोह के निदेशकों की टीम ने ड्रोन तथा घूमने वाले मंच जैसे कुछ उच्च तकनीक वाले उपकरणों की मांग की थी, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि इसे वहन नहीं किया जा सकता।
रियो 2016 आयोजन समिति के समारोह निदेशक लियोनाडरे केटानो ने कहा कि कम बजट के बावजूद मैराकाना स्टेडियम में होने वाले समारोह पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा और यह टेलीविजन के जरिये ओलंपिक खेलों को देखने वाले तीन अरब लोगों के दिलों को छुएगा।
उन्होंने कहा, “हमारे पास भव्यता नहीं होगी, लेकिन मौलिकता होगी। हम कम खर्च करेंगे, लेकिन हम इसकी भरपाई रचनात्मकता, लय और सच्ची भावना के साथ करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath