शिमला, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत कांगड़ा वादियों के बीर-बिल्लिंग में भारत अपने पहले पैराग्लाइडिंग विश्वकप की मेजबानी करेगा।
इटली के लेक कोमो के बाद बीर बिल्लिंग पैराग्लाइडिंग के लिए दुनिया में दूसरा सर्वश्रेष्ठ आयोजन स्थल है।
पैराग्लाइडिंग विश्व कप का आयोजन अक्टूबर में होगा।
बिल्लिंग पैराग्लाइडिंग संघ के अध्यक्ष सुधीर शर्मा ने आईएएनएस से कहा कि पैराग्लाइडिंग विश्वकप में 49 देशों के 102 पैराग्लाइडर हिस्सा लेंगे। इनमें विश्व के छह सबसे बेहतर पैराग्लाइडर भी शामिल हैं और उन्होंने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है।
पैराग्लाइडिंग विश्व कप में हिस्सा लेने वाले पैराग्लाइडरों की संख्या 130 तक भी पहुंच सकती है।
राज्य सरकार और बिल्लिंग पैराग्लाइडिंग संघ संयुक्त रूप से 23 से 31 अक्टूबर के बीच विश्व कप का आयोजन करेंगे। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण इसका प्रायोजक है।
शर्मा हिमाचल के विकास मंत्री भी हैं। उन्होंने बताया कि बिल्लिंग में उड़ान भरने का स्थान 2325 मीटर की ऊंचाई पर है। यहां से एक साथ 15 ग्लाइडर उड़ान भर सकेंगे। ग्लाइडर बीर में उतरेंगे जो 1360 मीटर पर स्थित है। इसे भी सुरक्षित लैंडिंग के लिए चौड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि बीर और बिल्लिंग के विकास पर सरकार ने सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
शर्मा ने कहा कि भाग लेने वाले ग्लाइडर में सात भारतीय हैं। सबसे ज्यादा संख्या ब्रिटेन के प्रतिभागियों की है। उन्होंने कहा कि यह विश्व कप राज्य में एडवेंचर स्पोर्ट और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला साबित होगा।
एसोसिएशन के महासचिव सुरेश ठाकुर ने कहा कि विश्व कप के दौरान बीर-बिल्लिंग में अन्य लोगों की पैराग्लाइडिंग पर रोक नहीं होगी।
बिल्लिंग पैराग्लाइडिंग संघ ने बताया है कि यह विश्व कप कुछ विकालंग बच्चों को भी ‘पंख’ देने का काम करेगा। कुछ अनुभवी ग्लाइडर अपने साथ ऐसे विशेष बच्चों को उड़ान पर ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विश्व कप समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
dharmpath.com dharmpath