नई दिल्ली, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार चुनाव से पहले विदेश यात्रा पर जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर बुधवार को शब्दों के तीर छोड़े।
भाजपा ने चुटकी लेते हुए कहा कि लालू और नीतीश ने राहुल को बिहार चुनाव से अलग ही रहने को कहा है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने संवाददाताओं से कहा, “राहुल गांधी को पूरा हक है कि छुट्टी मनाने के लिए विदेश जाएं। हाल के दिनों में उन्होंने पार्टी के लिए काफी मेहनत की है। कुछ रैलियों को संबोधित किया है..”
उन्होंने कहा, “राहुल और जिम्मेदारी, ये दोनों एक साथ नहीं रह सकते। “
पात्रा ने चुटकी ली कि चूंकि राहुल भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं, इसलिए लालू यादव और नीतीश कुमार ने उन्हें बिहार से दूर रहने के लिए बाध्य किया है।
उन्होंने कहा, “राहुल को जबरन छुट्टी पर भेजा गया है क्योंकि नीतीश और लालू बिहार में उनकी मौजूदगी से असहज हो रहे थे।”
dharmpath.com dharmpath