पटना, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ महागठबंधन ने मंगलवार को 242 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। सूची में 14 प्रतिशत उम्मीदवार मुस्लिम हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद के दोनों पुत्र भी पहली बार चुनाव मैदान में नजर आएंगे।
लालू के पुत्र तेजस्वी को जहां राजद ने राघोपुर से प्रत्याशी बनाया है, वहीं तेज प्रताप महुआ से चुनाव लड़ेंगे।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उम्मीदवारों की सूची जारी की और कहा कि जल्द ही एक और उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं।
महागठबंधन में हुए समझौते के अनुसार, राजद और जनता दल (युनाइटेड) को 101-101, जबकि कांग्रेस को 41 सीटें मिली हैं।
नीतीश ने कहा कि जद (यू), राजद और कांग्रेस के महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन ने समाज के हर तबके को इस सूची में जगह दी है। सूची में 55 प्रतिशत उम्मीदवार पिछड़े वर्ग से हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति को 16 प्रतिशत, अल्पसंख्यक को 14 प्रतिशत, सामान्य वर्ग को 16 प्रतिशत सीटें दी गई हैं।
नीतीश ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर निशाना साधते हुए कहा, “महागठबंधन इस चुनाव में विकास को ही मुद्दा बनाएगा। राजग विकास की सिर्फ बात करता है, लेकिन वह समाज को बांटने का काम करता है।”
उन्होंने कहा, “राजग में प्रारंभ से ही टिकट को लेकर खटपट देखने को मिला है। खैर यह उनका अंदरूनी मामला है। जिन्हें भाजपा के साथ घुटने टेक कर चलना है, वे चलें। जनता सब कुछ देख रही है।”
जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी तथा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे भी इस मौके पर मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि 12 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पांच चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में राजद, कांग्रेस और जद (यू) मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे ‘महागठबंधन’ नाम दिया गया है। महागठबंधन का मुख्य मुकाबला भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से माना जा रहा है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath