वाशिंगटन, 24 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां निवेशकों को रिझाने के लिए अमेरिका पहुंचे हैं, वहीं व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा दोनों देशों के आर्थिक अवसरों के विस्तार के लिए उनके साथ मिलकर काम करेंगे।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने बुधवार को कहा, “राष्ट्रपति ओबामा के मोदी के साथ मिलकर काम करने के लिए अनेक कारण हैं।”
अर्नेस्ट ने पिछले दिन समाप्त हुई रणनीतिक और वाणिज्यिक वार्ता के बारे में कहा, “जनवरी में जब ओबामा ने भारत की यात्रा की थी, तब आर्थिक संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई थी।”
उन्होंने कहा कि तब कई अमेरिकी कारोबारी भी भारतीय कारोबारियों और नेताओं से आर्थिक संबंधों पर बात करने के लिए भारत गए थे।
उन्होंने कहा कि आर्थिक संबंध बढ़ाकर हम दोनों देशों में अवसर बढ़ा सकते हैं।
अर्नेस्ट ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की सदस्यता पर ओबामा के समर्थन की भी बात कही। उन्होंने हालांकि कहा कि इस जिम्मेदारी को लेने के लिए भारत को पेरिस में होने वाले जलवायु परिवर्तन वार्ता में रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए तथा अन्य अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भूमिका बढ़ानी चाहिए।
उन्होंने कहा, “अमेरिका का यह रुख बना हुआ है और इससे पूरी दुनिया में भारत की बढ़ती भूमिका का पता चलता है।”
अर्नेस्ट ने कहा यदि भारत वैश्विक स्तर पर आगे बढ़कर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साझा हितों में योगदान करने के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारी ले, उसका स्वागत होगा।
उन्होंने कहा, “इसका एक तरीका यह है कि भारत पेरिस में होने वाली जलवायु पर्तिन संबंधी वार्ता में रचनात्मक योगदान करे।”
अर्नेस्ट ने कहा कि ओबामा और मोदी ने इस विषय पर पहले भी बातचीत की है और वे आगे भी इस पर बात करेंगे।
dharmpath.com dharmpath