पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं के विरोध का सिलसिला जारी है। टिकट बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सात गधों को साथ लेकर प्रदर्शन किया।
पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टिकट नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं के विरोध का सिलसिला जारी है। टिकट बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सात गधों को साथ लेकर प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय के सामने चनपटिया, बगहा, लौरिया और नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने टिकट बंटवारे में भेदभाव का आरोप लगाते हुए विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने सात गधों के साथ पार्टी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी गधों के शरीर पर तरह-तरह के पोस्टर भी टंगे थे।
गधों के साथ प्रदर्शन किए जाने के विषय में पूछे जाने पर प्रदर्शनकारियों में शामिल विजयनाथ तिवारी ने कहा, “भाजपा चुनाव संचालन समिति गधों की फौज की तरह हो गई है। इस कारण हमने गधों को साथ लेकर अपना विरोध प्रकट किया है।”
तिवारी चनपटिया से भाजपा के टिकट के दावेदार थे, लेकिन अंतिम समय में उनका टिकट काट कर प्रकाश राय को दे दिया गया।
तिवारी ने कहा कि भाजपा द्वारा जितने भी सर्वे कराए गए थे, सभी रिपोर्टो में मेरा नाम केंद्रीय समिति को भेजा गया था। बगहा से भी पूंजीपति और अधिकारी रहे आऱ एस़ पांडेय को टिकट दे दिया गया, जबकि पांडेय का क्षेत्र में कोई जनाधार नहीं है।
प्रदर्शन में शामिल एक अन्य नेता ने दावा किया कि भाजपा ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर ऊपर से लाए गए व्यक्तियों को उम्मीदवार बनाया है, जिसकी कीमत पार्टी को चुनाव में चुकानी पड़ेगी।
इससे पहले, बुधवार को भी ब्रह्मपुरा के विधायक दिलमणि देवी का टिकट काटे जाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ की थी। हालात बेकाबू होने पर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी थी।
dharmpath.com dharmpath