नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। एशियाई टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए 10 सदस्यीय भारतीय टीम शुक्रवार को थाईलैंड के रवाना हुई।
भारतीय टीम में पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। यह टूर्नामेंट पट्टाया में 26 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक होगा।
भारतीय टीम में पांच सदस्यीय पुरुष वर्ग का नेतृत्व अंचता शरथ कमल करेंगे और इसमें राष्ट्रीय चैम्पियन सौम्यजीत घोष, हरमीत देसाई, सानिल शेट्टी और जी. साथियान शामिल हैं।
महिला वर्ग में मौमा दास, अंकिता दास, पूजा सहस्रबुद्धे, के. शामिनी और मनिका बत्रा शामिल हैं।
इस 10 सदस्यीय भारतीय टीम के कोच भवानी मुखर्जी और आरूप बसाक होंगे।
टूर्नामेंट के लिए रवाना होने से पहले टीम के सभी सदस्यों ने पटियाला में 21 दिनों के शिविर में हिस्सा लिया। पहली बार अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) ने एशियन चैम्पियनशिप को विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट की मान्यता दी है।
टेबल टेनिस विश्व चैम्पियनशिप अगले साल फरवरी में मलेशिया में होगी।
साल 2015 की शुरुआत में चीन में हुई विश्व चैम्पियनशिप के दौरान शरथ घायल हो गए थे और ठीक होने के बाद उन्होंने अब वापसी की है।
टीम के सभी सदस्य और कोच टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी शरथ की वापसी से काफी खुश हैं।
dharmpath.com dharmpath