ओडिशा में 80 नक्सलियों का समर्पण

भुवनेश्वर, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। मलकानगिरि जिले में शुक्रवार को 80 नक्सल समर्थकों और नक्सलियों से सहानुभूति रखने वालों ने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया। दूसरी तरफ नक्सलियों ने राज्य में फर्जी समर्पण की घटनाओं के खिलाफ दिनभर का बंद आयोजित कर रखा है।

मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु मोहपात्रा ने कहा कि कुल 80 नक्सल समर्थकों और उनसे सहानुभूति रखने वालों ने समर्पण किया है। वे सभी बदलीगुडा गांव के निवासी हैं।

मोहपात्रा ने बताया कि पिछले एक महीने में जिला पुलिस के समक्ष 800 से अधिक नक्सल समर्थकों ने समर्पण किया है।

इससे पहले मलकानगिरि जिले के नक्सलियों ने एक पत्र के माध्यम से मीडिया से आग्रह किया है कि वे इन फर्जी समर्पण का विरोध करें।

पत्र में कहा गया है कि पुलिस नक्सलियों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है और उसके बाद उन्हें समर्पण के लिए मजबूर कर रही है। पत्र में कहा गया है कि हाल ही में पुलिस के समक्ष जिन लोगों ने समर्पण किया है, उनमें कोई नक्सल समर्थक नहीं है।

जिला प्रशासन ने जिले में सुरक्षा चुस्त कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात कर दिए हैं। जबकि सुरक्षाकर्मी विभिन्न चेकनाकों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं।

मोहपात्रा ने बताया, “हमने जिले में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए हैं।”

पुलिस ने बताया कि नक्सलियों द्वारा आहूत बंद के कारण जिले में ज्यादातर वाहन सड़कों पर नहीं उतरे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493