नई दिल्ली, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विरोधियों के हमले का तीखा जवाब देते हुए सोमवार को भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा का अच्छा असर पड़ा है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एम. जे. अकबर ने विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों की मुख्य खबरों की ओर इशारा करते हुए यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी की अमेरिका यात्रा का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
अकबर ने कहा, “प्रधानमंत्री के पास देश की 125 करोड़ आबादी को गरीबी से बाहर निकालने और उनके सपनों को हकीकत में बदलने का एक दृष्टिकोण है।”
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए अकबर ने कहा विरोधी दल भाजपा की अगुवाई वाली राजग सरकार के सभी कार्यो का श्रेय लेना चाहेगी।
भापजा की सभी योजनाओं का जिक्र करते हुए अकबर ने कहा, “कांग्रेस यह कहते हुए पूरा श्रेय ले लेगी कि कांग्रेस में किसी ने पहले यह किया था। मुझे उस दिन का इंतजार है, जब कांग्रेस ईडन गार्डन के निर्माण का श्रेय लेगी। मुझे लगता है यही एकमात्र चीज है जिसका उन्होंने श्रेय नहीं लिया है।”
अकबर ने स्पष्ट किया कि विदेशी भूमि पर विश्व के नेताओं और भारतीय प्रवासियों से मोदी की मुलाकात बेकार नहीं है, जैसा कि विरोधी दल ने कहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे प्रधानमंत्री का एक मकसद था।
अकबर ने कहा, “प्रधानमंत्री की पहल का एक विषय है और वह है देश की सुरक्षा। आज उन्होंने आतंकवाद पर जो कहा वह देश की ओर से उनके द्वारा उठाया गया एक सशक्त कदम है।”
भाजपा नेता ने कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकी के प्रयोग से मोदी भारत के पिछड़े इलाकों की अर्थव्यवस्था सुधारने की कोशिश कर रहे हैं।
अकबर ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की देश से अनुपस्थित पर भी सवाल खड़ा किया और कहा कि एक कथित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तस्वीर साझा करने के बदले उन्हें बताना चाहिए कि वह वहां क्या कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath