उप्र : गोमती बचाने को सड़कों पर उतरे लखनऊवासी

लखनऊ , 28 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बह रही गोमती नदी को बचाने का बीड़ा अब यहां के स्थानीय लोगों ने उठा लिया है। इसी मुहिम के तहत सोमवार को हजारों लोगों की मानव श्रृंखला अलग-अलग जगहों से होती हुई हजरतगंज स्थित जीपीओ पहुंची।

गोमती की सफाई के लिए पिछले कई वर्षो से सक्रिय रही संस्था लोक अधिकार मंच के बैनर तले मार्च निकाला गया। लखनऊ विश्वविद्यालय से शुरू होकर यह मार्च अलग-अलग जगहों से होता हुआ जीपीओ पहुंचा।

इस मार्च में समाज के हर वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। कई स्कूलों-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के अलावा राज्य कर्मचारी और व्यापार मंडल के सदस्य भी शामिल रहे। लगभग 20 स्कूलों के बच्चों के अलावा रेल यूनियनों, राज्य कर्मचारी परिषद, अभियंता महासंघ के लोग इस मुहिम का हिस्सा बने।

अलग-अलग बैनर और पोस्टर के साथ चल रहे इन लोगों की मुख्य मांग थी कि गोमती की सफाई जल्द से जल्द कराई जाए। तटों के सौंदर्यीकरण से पहले नदी को साफ करने का प्रयास किया जाए।

मार्च में शामिल हुए लोगों का कहना था कि कई फैक्ट्रियों का कचरा इस नदी में गिरता है। लोक अधिकार मंच के संयोजक अनिल सिंह ने कहा कि इस मामले को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी जाएगी। जब तक गोमती नदी में लखनऊ के अलावा बाकी जगहों से गिरने वाला गंदा पानी बंद नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा, “यह किसी अकेले संगठन की लड़ाई नहीं है। गोमती में फैल रहे प्रदूषण से समाज का हर वर्ग चिंतित है, इसीलिए इस मार्च को हर वर्ग और समुदाय का समर्थन प्राप्त है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493