लंदन, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। ओलम्पिक में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाले स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ब्रिटेन के सोन्नी व्हाइटिंग के खिलाफ 10 अक्टूबर को पेशेवर मुक्केबाजी का आगाज करेंगे। आयोजकों ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी।
विजेंदर मिडिलवेट डिवीजन से पदार्पण करेंगे। इस वर्ग में तीन-तीन मिनट के चार राउंड के मुकाबले होंगे।
विजेंदर का पेशेवर मुक्केबाजी का पहला मुकाबला मैनचेस्टर अरेना में होगा।
29 वर्षीय हरियाणा में जन्मे विजेंदर मैनचेस्टर में ही बस गए हैं और ली बीयर्ड से प्रशिक्षण ले रहे हैं। विजेंदर ने पेशेवर मुक्केबाजी में अपने पदार्पण मुकाबले के प्रति उत्साह व्यक्त किया है।
विजेंदर ने सोमवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा, “पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण के बेहद करीब हूं और पहले मुकाबले का मुझे बेसब्री से इंतजार है।”
विजेंदर ने कहा, “मैनचेस्टर में होने वाले इस मुकाबले के लिए मैंने ली बीयर्ड के साथ कठिन मेहनत की है। ली बीयर्ड ने गैर पेशेवर मुक्केबाजी से पेशेवर मुक्केबाजी के लिए मेरी मुक्केबाजी शैली में अहम बदलाव किया है।”
एशियाई खेलों के दो बार चैम्पियन रह चुके विजेंदर ने आगे कहा, “ऐसा लग रहा है जैसे में फिर से मुक्केबाजी करियर की शुरुआत कर रहा हूं। गैरे पेशेवर मुक्केबाज के तौर में मुझे काफी ख्याति मिली है, इसके बावजूद मुझे पेशेवर मुक्केबाजी के लिए नए सिरे से प्रशिक्षण की शुरुआत करनी पड़ी।”
पहले मुकाबले में विजेंदर के प्रतिद्वंद्वी व्हाइटिंग अब तक लड़े तीन पेशेवर मुकाबलों में दो जीत हासिल कर चुके हैं और विजेंदर के लिए कड़ी चुनौती साबित होंगे।
dharmpath.com dharmpath