उप्र : मुख्यमंत्री ने की आईटी सिटी परियोजना की समीक्षा

लखनऊ, 29 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को आईटी सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि विकास की परियोजनाओं को प्राथमिकता पर रखकर उन्हें तेजी से पूरा किया जाए, ताकि जनता को समय से इनका लाभ मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि आईटी सिटी के जरिये प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ राज्य के नौजवानों को प्रशिक्षण और रोजगार की बेहतर सुविधा मिलेगी, इसलिए आईटी सिटी परियोजना को हर हाल में अक्टूबर, 2016 से शुरू कर दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा हालात में किसी भी प्रदेश के विकास में सूचना प्रौद्योगिकी की अहम भूमिका है, क्योंकि इसके इस्तेमाल से लोगों को विभिन्न सेवाएं एवं सूचनाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के संज्ञान में इस परियोजना के विकास से जुड़े अहम पक्षों को लाया गया। उन्होंने इसकी प्रगति के लगातार निगरानी के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को इस परियोजना का लाभ समय से मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी सरकार प्रदेश का तेजी से विकास कर इसे अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। इसलिए अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता पर पूरा किया जाना जरूरी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493