नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में 350 नए शौचालय बनवाएगी।
केजरीवाल ने मजनू का टीला इलाके में एक शौचालय ब्लॉक का उद्घाटन करने के दौरान कहा, “आप सरकार 10 नए शौचालय ब्लॉकों में 350 नए शौचालयों का उद्घाटन करेगी।”
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक ने कहा, “पिछले छह माह में 750 शौचालय सीटें लगाई गई हैं। हम अगले साल 31 मार्च तक सभी झुग्गी-बस्तियों में पर्याप्त शौचालय व स्वच्छ जल उपलब्ध करा सकेंगे।”
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ पर तंज कसते हुए कहा, “साल में एक बार गीत गाने और एक बार सड़क की सफाई करते हुए फोटो खिंचवाने से कोई लाभ नहीं होगा।”
उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी योजना का एक साल होने के बाद भी देश गंदगी से अटा पड़ा है और इससे अभियान पर खर्च किए गए पैसे को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा, “स्वच्छ भारत अभियान का असर देश में किसी सड़क पर नहीं दिख रहा है। केंद्र सरकार को योजनाओं के बारे में बातें करने के बजाय काम करना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath