मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक हंसल मेहता की फिल्म ‘अलीगढ़’ से 17वें जियो मामी मुंबई फिल्म महोत्सव का आगाज होने जा रहा है। फिल्म में मनोज बाजपेयी और राजकुमार राव ने भूमिकाएं निभाई है। इस पर हंसल मेहता का कहना है कि यह टीम के लिए खास इनाम है, जिन्होंने परियोजना पर नि: स्वार्थ काम किया।
मामी फिल्म महोत्सव 29 अक्टूबर से पांच नवंबर तक आयोजित होगा।
मेहता ने एक बयान में कहा, “मैं बहुत उत्साहित हूं कि मेरी पहली फिल्म ‘अलीगढ़’ से मुंबई फिल्म महोत्सव का आगाज होगा। यह टीम के लिए खास इनाम है, जिन्होंने नि:स्वार्थ फिल्म बनाने के लिए काम किया।”
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के लिए दिल में खास जगह है।
उन्होंने कहा, “हम (ईरोज इंटरनेशनल, मेरी टीम और मैं) मामी फिल्म महोत्सव के दर्शकों के साथ इसे साझा करने के लिए उत्साहित हैं।”
महोत्सव के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक पोस्ट किया गया, “यह घोषणा करते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि हसंल मेहता की ‘अलीगढ़’ मामी फिल्म महोत्सव की शुरुआती प्रीमियर है।”
महोत्सव के निदेशक अनुपम चोपड़ा के अनुसार, “अलीगढ़ एक जोरदार फिल्म है, जो संवेदनशील विषय पर महत्वपूर्ण कहानी है। हमारा मिशन रोमांचक और उत्तेजक कहानियां प्रदर्शित करना है और मुझे यकीन है कि दर्शक इससे आनंदित होंगे।”
यह फिल्म 20वें बुसान फिल्म महोत्सव और इसके बाद 59वें बीएफआई लंदन फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होगी।
dharmpath.com dharmpath