झारखंड में विपक्ष ने उड़ाया मोदी का मजाक

रांची, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की विपक्षी पार्टियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के विकास को लेकर की गई टिप्पणी पर उनका मजाक उड़ाया और कहा कि प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी बिहार विधानसभा चुनाव से प्रेरित है।

मोदी ने झारखंड के दुमका जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुद्रा (माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रीफाइनेंस एजेंसी) जारी करते समय और बिहार के बांका जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था, “भाजपा सरकार बनने के बाद झारखंड का विकास हो रहा है।”

झारखंड में कांग्रेस के महासचिव अलोक दूबे ने आईएएनएस से कहा, “मोदी को ब्रांडिंग में महारत हासिल है और वह बिहार चुनाव जीतने के लिए झारखंड की ब्रांडिंग कर रहे हैं। मोदी को सड़क, बिजली और स्वास्थ्य क्षेत्रों से जुड़ी रघुबर दास (झारखंड के मुख्यमंत्री) की एक भी ऐसी उपलब्धि के बारे में बताना चाहिए, जिससे राज्य के लोगों को कुछ मदद मिली हो।”

बहरागोरा से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक, कुणाल सारंगी ने भी मोदी की टिप्पणी पर सवाल करते हुए कहा, “मोदी तो पैकेजिग और पुरानी चीजों की ब्रांडिंग में माहिर हैं। उन्हें मौत का जाल बन चुके रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक नजर डालनी चाहिए।”

सारंगी ने कहा, “हम प्रधानमंत्री से यह जानना चाहते हैं कि किन मानकों के आधार पर झारखंड निवेश की दृष्टि से अनुकूल राज्यों के लिए विश्व बैंक की रेटिंग में तीसरे स्थान पर है?”

उन्होंने कहा, “रिलायंस ने हजारीबाग के 4,000 मेगावाट बिजली संयंत्र से हाथ खींच लिया। एक भी उद्योग स्थापित नहीं हुआ है। झारखंड को विकासशील बताने का दावा करने वाले तथ्य और आंकड़े कहां हैं?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493