श्रीनगर, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर बाढ़ पीड़ितों को राहत मुहैया नहीं कराने का आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दल नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) और कांग्रेस के विधायक अपनी सीटों पर खड़े होकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप है कि राज्य सरकार सितंबर 2015 में आई बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही है।
कांग्रेस विधायक नारे लिखे बैनर लिए हुए थे, जिन पर लिखा था, “बाढ़ पीड़ितों का शोषण मत करो।”
देखते ही देखते प्रदर्शनकारी विधायक अध्यक्ष की आसंदी के करीब पहुंच गए और सदन के सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए। कुछ विधायकों ने विरोध स्वरूप अध्यक्ष की आसंदी की ओर कागज भी फेंके।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 15 मिनट तक के लिए स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्षी दल के सदस्य फिर से अपनी सीटें छोड़ सदन के बीचोंबीच आ गए। इसे देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी।
dharmpath.com dharmpath