भागलपुर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने यहां मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार मात्र मुखौटा हैं, उनके पीछे लालू प्रसाद का ‘जंगलराज’ खड़ा है। नीतीश विकास की बात कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
भागलपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने लालू प्रसाद और नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।
नीतीश कुमार के इस बयान पर कि ‘बिहार का विकास बाहरी नहीं बिहारी करेगा’ शाह ने कहा, “मैं भी कहता हूं कि बिहार में बिहारी ही शासन करेगा, लेकिन वह भाजपा का बिहारी होगा। अब नीतीश के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कई लोकप्रिय नेता हैं, जो बिहार की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के मतदाताओं के कारण ही आज केंद्र में बहुमत की सरकार है।
नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में विवाद के आरोप पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि सत्तारूढ़ महागठबंधन (राजद, जदयू, कांग्रेस) की हालत तो यह है कि महागठबंधन का अध्यक्ष ही महागठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि भाजपा बड़ा संगठन है, हो सकता है परिवार के कुछ लोग नाराज हों।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में सब कुछ है, लेकिन अच्छी सरकार नहीं है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के नेतृत्व में राजग की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राजग ही बिहार का विकास कर सकता है।
dharmpath.com dharmpath