नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। फरीदाबाद स्थित क्षेत्रीय श्रम संस्थान (आरएलआई) ने एस्बेस्टस और सिलिका पर स्थाई और पहला सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रदर्शनी केंद्र स्थापित किया है। यह देश में अपनी तरह का पहला ऐसा केंद्र है, जो स्वास्थ्य और सुरक्षा के तमाम पहलुओं के मद्देनजर सिलिका और एस्बेस्टस से जुड़ी इकाइयों के हितधारकों में जागरूकता पैदा करने का काम करेगा।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एस्बेटोसिस और सिलिकोसिस ऐसी बीमारियां हैं, जो क्रमश: एस्बेस्टस और सिलिका संबंधी उद्योगों में काम करने वालों को हो जाती हैं।
इस नव विकसित संस्थान का उद्घाटन कारखाना सलाह सेवा और श्रम संस्थान महानिदेशालय (डीजीएफएएसएलआई) के तत्वावधान में कारखानों के मुख्य निरीक्षकों के 54वें सम्मेलन में किया गया था।
बयान के अनुसार, मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य में सुधार के लिए डीजीएफएएसएलआई और आरएलआई, फरीदाबाद द्वारा किया गया यह एक राष्ट्रस्तरीय प्रयास है। कारखाना अधिनियम, 1948 के प्रशासन और प्रवर्तन से संबंधित मुद्दों पर चिंतन करने के लिए विभिन्न राज्यों के कारखाना मुख्य निरीक्षक एकत्रित हुए।
dharmpath.com dharmpath