महागठबंधन नहीं, ‘महास्वार्थ बंधन’ : मोदी

मुंगेर (बिहार), 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सत्तारूढ़ महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि छोटे भाई और बड़े भाई ने बिहार को 25 वर्षो तक लूटा और अब फिर ‘महास्वार्थ बंधन’ कर लिए हैं।

मुंगेर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद वह सुशासन के लिए लड़ते रहे। ‘संपूर्ण क्रांति’ का नारा देकर देश के नौजवानों में नया जोश भर दिया। आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने जयप्रकाश नारायण को जेल में डाल दिया था। आज उसी कांग्रेस के साथ स्वार्थ की राजनीति करने वाले दल गठबंधन कर बिहार की सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “हमें बिहार के भाग्य को बदलना है और राज्य के नौजवान इस काम को करेंगे।”

लालू प्रसाद के गोमांस पर दिए गए एक विवादित बयान पर मोदी ने उन पर जमकर शब्दवाण चलाए। उन्होंने कहा, “यदुवंशी क्या खाते हैं, यह सवाल कर बिहार का अपमान किया गया है। जब बात आगे बढ़ी तो कहा गया कि उनके भीतर शैतान प्रवेश कर गया। सवाल यह है कि शैतान को उन्हीं का पता कैसे मिला, किसी और का ठिकाना शैतान को क्यों नहीं मिला।”

प्रधानमंत्री ने सवालिया लहजे में कहा कि जिसका पता शैतान ने ढूंढ़ लिया है, उसको क्या हम कभी देखेंगे? पहली बार पता चला है कि इंसानों के पीछे शैतान पड़ा है।

कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पीछे के दरवाजे से आने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस में अब ऐसा नेता भी नहीं बचा है, जिसका गुणगान किया जा सके।

प्रधानमंत्री गुरुवार को बेगूसराय, समस्तीपुर और नवादा में भी चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद, जद (यू) और कांग्रेस महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493