वाशिंगटन, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका ने कहा कि सीरिया में रूस द्वारा किए गए 90 फीसदी से अधिक हवाई हमलों में इस्लामिक स्टेट (आईएस) या अल कायदा से जुड़े आतंकवादी समूहों को निशाना नहीं बनाया गया।
विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने बुधवार को कहा, “आज की तारीख तक जो भी हमने देखा, 90 फीसदी से अधिक हवाई हमलों में आईएस या अल कायदा से जुड़े समूहों को निशाना नहीं बनाया गया।”
किर्बी ने कहा, “उन्होंने अधिकांश हमला विपक्षी समूहों को निशाना बनाकर किया, जो सीरिया का बेहतर भविष्य चाहते हैं और असद को सत्ता में नहीं देखना चाहते।”
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, ऐसा पहली बार है, जब अमेरिकी सरकार ने सितंबर के अंत में रूस द्वारा सीरिया में शुरू किए गए हमलों के बारे में आंकड़ों का हवाला दिया है।
सीरिया के विपक्षी समूह रूस पर नागरिकों के जानमाल को क्षति पहुंचाने का आरोप लगा रहे हैं, क्योंकि उनके मुताबिक, हमले आईएस को निशाना बनाकर नहीं किए जा रहे।
उधर, रूस ने आरोपों से इंकार किया है। विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस, सीरिया में अमेरिका और उसके सहयोगियों की तरह ही आईएस, अल-नुसरा फ्रंट तथा इनसे जुड़े अन्य आतंकवादी गिरोहों को निशाना बनाकर कार्रवाई कर रहा है।
रक्षा मंत्रालय की एक बैठक में राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा कि आईएस के ठिकानों पर हमलों का समन्वय रूस की वायु सेना सीरियाई सेना के साथ मिलकर करेगी।
dharmpath.com dharmpath