नायडू राजधानी आधारशिला समारोह के लिए न्योता न भेजें : जगन

हैदराबाद, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से कहा कि वह उन्हें आंध्र प्रदेश की नई राजधानी की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में न बुलाएं।

मुख्यमंत्री के नाम एक खुले खत में आंध्र के विपक्ष के नेता जगन ने लिखा है कि तेलुगू देशम पार्टी की सरकार ने राजधानी के लिए किसानों से उनकी ऊपजाऊ जमीन को छीना है। किसानों के आंसुओं पर राज्य की राजधानी का निर्माण किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अक्टूबर को गुंटूर जिले के अमरावती में राज्य की नई राजधानी की आधारशिला रखेंगे। राज्य सरकार इस मौके को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जापान और सिंगापुर के प्रधानमंत्रियों को समारोह में आने के लिए न्योता भेजा गया है। साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों और पड़ोसी तेलंगाना समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी न्योता भेजा गया है।

जगन ने इस बात पर ताज्जुब जताया कि आखिर क्यों राजधानी क्षेत्र में बीते एक साल से निषेधाज्ञा लगी है जबकि सरकार दावा करती है कि इलाके के लोग राजधानी बनने से खुश हैं।

जगन ने कहा कि सरकार हरित प्राधिकरण के आदेशों का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने कहा कि वह समारोह में शामिल नहीं होंगे क्योंकि जनभावनाओं का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी बनाने के नाम पर मुख्यमंत्री नायडू रियल एस्टेट का कारोबार कर रहे हैं, गरीब किसानों की जमीन को सिंगापुर की कंपनियों को सौंप रहे हैं।

किसानों के मुद्दे पर भूख हड़ताल और अन्य तरीकों से विरोध जताने वाले जगन ने साफ कर दिया है कि वह राज्य की राजधानी के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कहा, “आप (नायडू सरकार) लोगों की राजधानी के लिए आधारशिला नहीं रख रहे हैं बल्कि अपने रियल एस्टेट बिजनेस के लिए रख रहे हैं। लाखों करोड़ों इकट्ठा कर रहे हैं जिसे विदेशी कंपनियों द्वारा बाहर भेजा जाना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493