नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के नांगलोई इलाके में अबोध बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रविवार को दो किशोरों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ढाई वर्षीया बच्ची का शुक्रवार रात उसके घर के बाहर से दो किशोरों ने अपहरण कर लिया था। उस वक्त इलाके में बिजली नहीं थी। बच्ची शनिवार सुबह बेहोशी की हालत में पड़ोस के तालाब वाला पार्क में मिली थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की उम्र 17 साल के आसपास है और दोनों पड़ोस में ही रहते हैं। दोनों बच्ची के परिवार को जानते थे।
पुलिस ने बताया कि किशोर और पीड़ित शुक्रवार रात पड़ोस में एक रामलीला समारोह में थे।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) पुष्पेंद्र कुमार ने कहा, “इस मामले में 18 टीमें गठित की गई थीं और रातभर में करीब 250 स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस कुछ लोगों तक पहुंची और उसके बाद आरोपी किशोरों को गिरफ्तार कर लिया गया।”
आरोपियों के खिलाफ शनिवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 363 और बाल यौन अपराध संरक्षण (पोस्को) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि पूर्व में सीसीटीवी कैमरे में जिन दो लोगों की तस्वीरें कैद हुई थीं और जिन्हें आरोपी माना जा रहा था, उनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है। वे दोनों स्थानीय लोग हैं। मोटरसाइकिल पर उनके साथ जो बच्ची थी, वह उनमें से एक व्यक्ति की बेटी थी।
इस बात की पुष्टि की जानी बाकी है कि हिरासत में लिए गए दोनों किशोरों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था, या सिर्फ एक किशोर ने। कुमार ने कहा, “यद्यपि जांच अभी भी चल रही है, लेकिन आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है।”
संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक ने आईएएनएस से कहा, “सभी सबूत एकत्र किए गए हैं और 10 दिनों के भीतर दोनों किशोरों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल कर दिया जाएगा।”
पाठक ने कहा, “बच्ची की हालत ठीक है और 24 घंटे के भीतर मंगोलपुरी के संजय गांधी अस्पताल से उसे छुट्टी मिल जाएगी।”
dharmpath.com dharmpath