मप्र : शिवराज शासन के 10 साल पर प्रस्तावित भव्य समारोह टला

भोपाल, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल के 10 साल 29 नवंबर को पूरे होने जा रहे हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मौके पर ‘जनसेवा महाकुंभ’ नाम से एक भव्य समारोह का प्रस्ताव रखा था, मगर सूखे की मार से बेहाल किसानों की पीड़ा को समझते हुए समारोह निरस्त कर दिया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने रविवार को बताया कि सूखे की मार झेल रहे किसानों की पीड़ा के कारण मुख्यमंत्री शिवराज के आग्रह पर 29 नवंबर को होने वाला ‘जनसेवा महाकुंभ’ निरस्त कर दिया गया है। यह समारोह शिवराज शासन के 10 वर्ष पूरा होने पर प्रस्तावित था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खरीफ की फसल क्षतिग्रस्त होने और किसानों पर मौसम की विषमता का कहर बरपने के कारण मुख्यमंत्री व्याकुल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज की पहली प्राथमिकता प्रदेश के किसानों को राहत देना है। मौसम ने पहले भी प्रदेश के किसानों की कड़ी परीक्षा ली है और मुख्यमंत्री ने किसानों को तुरंत राहत पहुंचाई है।

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कृषि और किसानों को लेकर अभूतपूर्व कार्य कर किसानों को राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर कर्ज, कृषि कैबिनेट का गठन सहित किसानों के लिए खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493