नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और कहा कि पंजाब में सिखों की पवित्र पुस्तक के अपमान की घटना ‘बहुत व्यथित’ करने वाली है। उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की।
आप नेताओं और राजनाथ की यह मुलाकात 15 मिनट चली। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को यह कहते हुए एक ज्ञापन सौंपा कि पंजाब में हालात बेकाबू हैं और अराजकता का माहौल है।
उन्होंने हालात पर नियंत्रण पाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग भी की।
आप नेता संजय सिंह ने पंजाब सरकार पर पवित्र पुस्तक के अपमान मामले की जांच कराने में देरी बरतने का आरोप लगाया और कहा कि हिंसा को रोकने के लिए चार महीने से कोई कदम नहीं उठाया गया है।
पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकपुरा इलाके में एक गुरुद्वारे के करीब 12 अक्टूबर को पवित्र पुस्तक के 100 पóो बिखरे मिलने के बाद हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें दो लोगों की जान भी जा चुकी है। यह पवित्र पुस्तक जून में गुरुद्वारे से चोरी हुई थी।
सिंह के साथ संगरूर (पंजाब) से आप सांसद भगवंत मान, पार्टी नेता आशुतोष और दुर्गेश पाठक भी मौजूद थे।
आप नेताओं ने पंजाब में बढ़ते नशे के खतरे के मुद्दे को भी उठाया। मान ने कहा, “राज्य में नशीले पदार्थो का कारोबार करने वालों को सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। इस पर नियंत्रण लगाई जानी चाहिए और तुरंत कदम उठाने चाहिए, ताकि पंजाब की आगामी पीढ़ियों को बजाया जा सके।”
dharmpath.com dharmpath