दलित उत्पीड़न को लेकर मायावती का भाजपा, कांग्रेस पर हमला

लखनऊ, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने हरियाणा में दलित उत्पीड़न को लेकर केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधा।

हरियाणा में फरीदाबाद के सुनपेड़ गांव में दलित बच्चों को जिंदा जला दिए जाने को बेहद खतरनाक और गंभीर करार देते हुए मायावती ने यहां अपने आवास पर शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, “हरियाणा में दलितों पर अत्याचार उनके प्रति लोगों की मानसिकता को दर्शाता है।”

मायावती ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “केंद्र सरकार के इशारे पर मुख्यमंत्री (मनोहरलाल खट्टर) दलितों के घर घड़ियाली आंसू बहाने पहुंचे थे। उनके मन में दलितों को लेकर कोई अच्छी भावना नहीं है। फरीदाबाद कांड में जांच की सिफारिश भी मामले को रफा-दफा करने के लिए ही की गई है।”

राहुल पर हमला करते हुए मायावती ने कहा कि वह बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए दलितों के आंसू पोंछने पहुंचे। केंद्र में जब उनकी सरकार थी तो हरियाणा से बड़ी संख्या में दलितों का पलायन हुआ, लेकिन तब उन्होंने इसे लेकर कोई कदम नहीं उठाया।

मायावती ने कहा, “फरीदाबाद में दलितों के घर जितने लोग पहुंचे, उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि कहीं बिहार में दलित समुदाय उनसे बिदक न जाएं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493