मप्र के खरगोन में सांप्रदायिक हिंसा के बाद लगा कर्फ्यू जारी (लीड-1)

खरगोन, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रावण दहन के बाद दो गुटों के बीच हुए पथराव ने साम्प्रदायिक हिंसा का रूप ले लिया। पथराव और आगजनी की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार रात ही अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया, जो जारी है। मामले में 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात लगभग 12.30 बजे रावण दहन के बाद खरगोन (शहरी) थाना क्षेत्र के तालाब चौकसे इलाके में एक खास समुदाय के लोगों ने भीड़ पर पथराव कर दिया। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी पथराव किया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए। कई स्थानों पर आगजनी हुई। हालात बिगड़ने पर प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा। शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि कर्फ्यू शहरी इलाके में लगा है। पथराव में पांच पुलिसकर्मियों सहित 10 लोग घायल हुए हैं। 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह हिंसा एक खास वर्ग के कुछ लोगों की शरारत का नतीजा है जो अपने ही समुदाय के एक वर्ग को बदनाम करना चाहते थे। कर्फ्यू के चलते शुक्रवार को प्रस्तावित तमाम धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी गई है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष के अनुसार, गुरुवार रात एक बजे के बाद लगाए गए कर्फ्यू में किसी तरह की ढील नहीं दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493