नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान से अपने माता-पिता की तलाश में एक दशक से अधिक समय बाद स्वदेश लौटीं मूक-बधिर गीता ने यहां मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल से मुलाकात की।
उन्होंने मुख्यमंत्री केजरीवाल के सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान केजरीवाल ने गीता से एक फेसिलेटर की मदद से सांकेतिक भाषा में बातचीत की।
गीता कराची की गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) एधि फाउंडेशन के सदस्यों के साथ आई थीं। इसी संस्था ने इतने वर्षो तक पाकिस्तान में उनकी देखभाल की।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा, “मुख्यमंत्री ने गीता से पूछा कि उन्होंने पाकिस्तान में अपनी जिंदगी किस तरह बिताई और वह पाकिस्तान कैसी पहुंचीं।”
केजरीवाल ने एधि फाउंडेशन के सदस्यों से भी बातचीत की।
गीता ने सोमवार को भारत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सांकेतिक भाषा में बातचीत की थी।
मोदी ने पाकिस्तान में गीता की देखरेख करने वाली कराची की एधि फाउंडेशन की संस्थापक बिलकिस एधि का आभार जताया। उन्होंने फाउंडेशन को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की।
dharmpath.com dharmpath