लखनऊ, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसके लिए व्यापक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सतीश कुमार अग्रवाल ने गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर बुधवार को तैयारियों का जायजा लिया। अग्रवाल ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि 74 जिलों की 3,112 जिला पंचायत, 77,576 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए चार चरणों में होने वाले मतदान के तहत गुरुवार को 191 विकास खंडों में वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। चारों चरणों की मतगणना एक नवंबर को होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अग्रवाल ने आयोग द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर के जरिये ही कर्मचारियों की मतगणना में डयूटी लगाए जाने के निर्देश दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath