भोपाल, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। अरब सागर से आ रही नमी और पश्चिमोत्तर में हवाओं का चक्रवात बनने के कारण मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी ओला गिरने और बारिश होने की संभावना जताई है।
राज्य में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर गुरुवार को मौसम खुशगवार है। आसमान पर हल्के बादलों का डेरा है। मौसम में आए इस बदलाव ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है।
राजधानी भोपाल का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री, इंदौर का 15.8 डिग्री, ग्वालियर का 13.9 डिग्री और जबलपुर का 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री, इंदौर का 31.4 डिग्री, ग्वालियर का 27 डिग्री और जबलपुर का 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।