जद (यू) के लिए अवसरवादी राजनीति का आखिरी दांव : जेटली

पटना, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने यहां गुरुवार को सत्ताधारी महागठबंधन को हताश लोगों का जमावड़ा करार देते हुए कहा कि जनता दल (युनाइटेड) के लिए यह चुनाव अवसरवादी राजनीति का आखिरी दांव है।

जेटली ने पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जहां कांग्रेस बिहार में अपना अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की पुरानी पीढ़ी जब चुनाव लड़ने में असमर्थ हो गई तब नई पीढ़ी को खड़ा करने के लिए वह इस चुनाव में मैदान में उतरी है।

जेटली ने बिहार चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के बाद भाजपा को अकेले बहुमत मिलने का दावा करते हुए कहा कि अगले दो चरणों में मतदाता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देंगे।

उन्होंने इस चुनाव को प्रभावित करने वाले कारणों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता लोगों को राजग की ओर आकर्षित कर रही है। लोग यह भी चाहते हैं कि केंद्र व राज्य सरकार साथ मिलकर काम करे, इसलिए भी बिहार के लोग राजग की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के लालू प्रसाद से हाथ मिला लेने के बाद लोगों को लगने लगा है कि नीतीश विकास के एजेंडे से भटक गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के युवा जातीय और सामाजिक एजेंडे से ऊपर उठकर मतदान कर रहे हैं, जो राजग के पक्ष में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493