लखनऊ, 1 नवम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नरही इलाके में रविवार दोपहर 12 बजे मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने पार्षद अतुल यादव उर्फ बंटू यादव को गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार, यादव को सिर में गोली लगी है। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) से संबद्ध यादव पर गोलीबारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, भारी भीड़ को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर में कई थानों की पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को भी तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोपहर में बंटू यादव नरही स्थित श्यामा चौराहे पर खड़े थे। तभी वहां बाइक से दो युवक पहुंचे। उनकी बंटू से बात होने लगी। इसी बीच अचानक मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने बंटू के माथे में गोली मार दी। इसके बाद दोनों युवक वहां से भाग गए। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़े। तब तक युवक भाग चुके थे।
पुलिस के अनुसार, बंटू को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath