दिल्ली : सड़क दुर्घटना में 3 की मौत

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। तेज गति ट्रक की चपेट में आने से राष्ट्रीय राजधानी में दो पदयात्रियों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में शनिवार की रात यह दुर्घटना घटी।

मृतकों की पहचान 19 वर्षीय राज बहादुर, 23 वर्षीय हरिओम और 33 वर्षीय राम मोहन के रूप में कर ली गई है। सभी पूर्वी दिल्ली के निवासी थे।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना करने वाला ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसके ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि राज बहादुर और हरिओम पड़ोसी थे और चांदनी चौक में साड़ी की एक दुकान पर सेल्समैन का काम करते थे, जबकि राम मोहन पेशे से ग्वाला था।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मृतकों में से एक का शरीर ट्रक में ही फंस गया था और काफी दूर तक घिसटता रहा था।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “राज बहादुर और हरिओम घर लौट रहे थे और एक ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़े थे। राम मोहन भी उसी सिग्नल के पास खड़ा था। वे सिग्नल के हरा होने का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें धक्का मारा।”

दुर्घटना के कारण हुई मौतों से गुस्साए स्थानीय लोग दुर्घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए और यातायात जाम कर दिया। भीड़ ने ट्रक को क्षतिग्रस्त करने के लिए पत्थर भी फेंके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493