गुलाम अली ने भारत में प्रस्तावित सभी कार्यक्रम रद्द किए

नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान के तल्ख होते रिश्तों के बीच पाकिस्तानी गजल गायक गुलाम अली ने भारत में प्रस्तावित अपने सभी संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उनका कहना है कि वह भारत तब तक नहीं आएंगे, जब तक स्थितियां अनुकूल नहीं हो जातीं।

गौरतलब है कि शिवसेना के विरोध के चलते ही मुंबई में गुलाम अली का संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था।

गुलाम अली ने हाल की घटनाओं पर अपनी निराशा व्यक्त की और कहा कि भारतीय प्रशंसकों ने हमेशा उनका और उनके संगीत का खुले दिल से स्वागत किया है।

गायक ने सीएनएन-आईबीएन समाचार चैनल से कहा, “मैंने भविष्य में भारत में होने वाले अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। भारत कभी नहीं आऊंगा। मैं तब तक कोई प्रस्तुति नहीं दूंगा, जब तक स्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं। मैं भारत में घटीं हाल की घटनाओं से आहत हूं। इसलिए मैंने भारत न आने का फैसला किया है। भारतीय प्रशंसकों ने हमेशा समर्थन किया है। मैं गायक हूं। मैं संगीत के बारे में बात करूंगा, राजनीति के बारे में नहीं।”

उल्लेखनीय है कि आठ नवंबर को दिल्ली में और लखनऊ में होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द हो गए हैं।

‘आईबीएनलाइव डॉट कॉम’ की रपट के मुताबिक, गुलाम अली भारत में संगीत कार्यक्रमों को लेकर हो रही राजनीति से आहत हैं। उन्होंने बी.आर चोपड़ा की फिल्म ‘निकाह’ के लोकप्रिय गीत ‘चुपके चुपके रात दिन..’ के साथ भारतीय सिनेमा में प्रवेश किया था।

शिवसेना की तरफ से बाधा डालने की चेतावनी देने के बाद पिछले महीने मुंबई और पुणे में अली के संगीत कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे। यह मुद्दा बहस का एक विषय बना हुआ है।

इस पर गुलाम अली ने कहा कि यह दुखद है, लेकिन भारत में उनकी प्रतिष्ठा बरकरार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493