प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में छत्तीसगढ़ दूसरे नंबर पर

राज्य सरकार के संस्थागत वित्त संचालनालय को केन्द्रीय वित्त मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत राज्य में सिर्फ बारह रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 30 सितम्बर 2015 तक 40 लाख 11 हजार लोगों का दो-दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा किया जा चुका है, जो राज्य की कुल जनसंख्या का 15.71 प्रतिशत है।

जनसंख्या के प्रतिशत के हिसाब से छत्तीसगढ़ राज्य को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में सम्पूर्ण भारत में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। गोवा राज्य को इस योजना में 16.44 प्रतिशत के कवरेज के साथ पहला और 11.30 प्रतिशत बीमा कवरेज के साथ त्रिपुरा को तीसरा स्थान मिला है।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत छत्तीसगढ़ में सिफ 330 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर आठ लाख 99 हजार लोगों का बीमा किया जा चुका है। इस योजना में छत्तीसगढ़ ने जनसंख्या प्रतिशत के आधार पर भारत भर में छठवां स्थान प्राप्त किया है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता में इस वर्ष 9 मई को इन बीमा योजनाओं का शुभारंभ किया था। दोनों बीमा योजनाओं के प्रारंभ होने के सिर्फ साढ़े चार महीने के भीतर छत्तीसगढ़ ने इनके क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों के रूप में यह शानदार कामयाबी हासिल की है।

संस्थागत वित्त संचालनालय के संचालक डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बुधवार को बताया कि केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और जीवन ज्योति बीमा योजना में पंजीयन के लिए अंतिम तारीख 30 नवम्बर 2015 तक बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने उन सभी लोगों से इस बढ़ी हुई तारीख का लाभ उठाकर अपना बीमा पंजीयन करवा लेने की अपील की है जो किन्हीं कारणों से अब तक पंजीयन नहीं करवा पाए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493