वारंगल उपचुनाव में अब सर्व सत्यनारायण कांग्रेस उम्मीदवार

हैदराबाद, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री सर्व सत्यनारायण ने बुधवार को वारंगल (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) लोकसभा सीट पर 21 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया।

सत्यनारायण ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन तब दाखिल किया है, जब सिरिसिला राजैया ने घर में रहस्यमय तरीके से लगी आग में बहू और तीन पोतों की जलकर मौत होने के बाद उपचुनाव न लड़ने का फैसला किया।

सत्यनारायण पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर हैदराबाद से वारंगल पहुंचे, उन्होंने समय सीमा समाप्त होने से चंद मिनट पूर्व अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

दो बार सांसद रह चुके सत्यनारायण संप्रग-दो सरकार में सड़क परिवहन राज्य मंत्री रहे थे।

सत्यनारायण चुनाव लड़ने को उत्सुक थे, लेकिन पार्टी ने स्थानीय नेता राजैया को चुनाव लड़ाने का फैसला किया। राजैया इससे पहले इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह राजैया के वारंगल स्थित घर में भयंकर रूप से आग लग गई, जिसमें उनकी बहू सारिका और उनके तीन बच्चों -अभिनव (सात), अयान (तीन) और श्रीयन (तीन) की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने राजैया, उनकी पत्नी और बेटे को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

वारंगल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित है। तेलंगाना राष्ट्र समिति के कादियम श्रीहरि को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद उन्होंने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और इसके परिणामस्वरूप यहां उपचुनाव अनिवार्य हो गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493