भाजपा गाय की पूंछ पकड़ चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है : शरद

मधेपुरा, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के पांचवें और आखिरी चरण के तहत जारी मतदान के बीच जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गाय की पूंछ पकड़कर बिहार में चुनाव की वैतरणी पार करना चाहती है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र के आदर्श मध्य विद्यालय, भीरकी बाजार में मतदान करने के बाद चुनाव में महागठबंधन की जीत का दावा करते हुए संवाददाताओं से कहा, “मुझे साफ नजर आ रहा है कि लोग हमारे साथ हैं और हमारे पक्ष में मतदान कर रहे हैं। लोग केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अपना मन बना चुके हैं, जिसका सीधा फायदा महागठबंधन को मिलेगा।”

उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन दो तिहाई मतों से सरकार बनाएगा। जनता दल (युनाइटेड) अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री ने जितनी रैलियां की उसका लाभ महागठबंधन को मिला है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा “इस चुनाव में भाजपा कभी गाय के गले मिलकर तो कभी गाय की पूंछ पकड़ कर चुनावी वैतरणी पार करने की कोशिश करती रही।”

उन्होंने लोगों से घरों से बाहर आकर बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493