देश का सम्मान कम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : विजयवर्गीय

भोपाल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता शाहरुख खान के बयान पर आपत्ति दर्ज कराने वाला ट्वीट करके वापस लेने वाले भारतीय जनता पार्टी के महासचिव और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने देश में असहिष्णुता का बयान देने वालों पर एक बार फिर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि देश का सम्मान कम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।

मध्य प्रदेश विधानसभा में हिस्सा लेने आए विजयवर्गीय से गुरुवार को संवाददाताओं ने चर्चा की। संवाददाताओं के साहित्यकारों द्वारा सम्मान लौटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे हैं जो वामपंथी विचारधारा के हैं, तो कुछ कांग्रेस के समर्थक हैं। कुछ लोग देश की सहिष्णुता पर सवाल उठा रहे हैं।

एक सवाल के जवाब में विजयवर्गीय ने कहा कि कुछ लोग अप्रत्यक्ष रूप से ऐसी बात कह रहे हैं जैसे सहिष्णुता खत्म हो गई हो, असहिष्णुता का देश हो गया है, इससे सारे विश्व में भारत का सम्मान कम हो रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जो भी देश का सम्मान कम करने की कोशिश करेगा, चाहे वह कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा।

ज्ञात हो कि फिल्म अभिनेता शाहरुख खान द्वारा देश में असहिष्णुता बढ़ने का बयान देने पर विजयवर्गीय ने ट्वीट कर तीखा हमला बोला था, मगर पार्टी की ओर से मिली फटकार के बाद उसे वापस ले लिया था। गुरुवार को उन्होंने नाम लिए बगैर फिर हमला बोला है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493