बिहार विधानसभा चुनाव : भाजपा की शानदार शुरुआत, शुरुआती रूझान में बनाई बढ़त (लीड-1)

पटना, 8 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के शुरुआती रूझान में रविवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन ने बढ़त बनाई है।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों का कहना है कि चुनावी नतीजों के शुरुआती रूझानों में भाजपा गठबंधन 243 निर्वाचन क्षेत्रों में से सात सीटों पर आगे है, जबकि जनता दल (युनाइटेड) महागठबंधन दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

भाजपा चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) दो सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक सीट पर आगे है।

राज्य में पांच चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में रविवार आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट गणना की जा रही है।

बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा सीटों पर 12 अक्टूबर को चुनाव शुरू हुए थे, जो पांच नवंबर को समाप्त हुए।

भाजपा ने 160 सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे, जबकि उसकी गठबंधन पार्टियों लोजपा ने 40, रालोसपा ने 23 और हम ने 20 सीटों पर अपनी उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा।

दूसरी तरफ, राज्य में महागठबंधन जनता दल (युनाइटेड) ने 101 और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी 101 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे, जबकि कांग्रेस ने 41 सीटों पर चुनाव लड़ा।

बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आर.लक्ष्मणन ने बताया कि पहले चुनावी नतीजे पूर्वाह्न 11 बजे आने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493